राजनांदगांव।पुलिस कप्तान राजनांदगांव अंकिता शर्मा के निर्देशन में थाना सोमनी पुलिस द्वारा सोमनी मड़ई क्षेत्र में कानून व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से प्रभावी कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि कुछ असामाजिक प्रवृत्ति के युवक सार्वजनिक स्थानों पर लोहे के कड़े पहनकर घूम रहे थे, जिससे आम नागरिकों में भय और असुरक्षा की भावना उत्पन्न होने की आशंका थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना सोमनी पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया।
पुलिस ने संबंधित युवकों को मौके पर समझाइश देते हुए उनके द्वारा पहने गए 20 से अधिक लोहे के कड़े उतरवाकर जब्त किए तथा भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह के कृत्य कानून व्यवस्था भंग करने की श्रेणी में आते हैं और आगे से ऐसी हरकतों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना, असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना तथा आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम करना है। पुलिस द्वारा क्षेत्र में सतत निगरानी जारी रखी जा रही है।
राजनांदगांव पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए वह पूर्णतः प्रतिबद्ध है और किसी भी तरह की अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


