साल्हेवारा। साल्हेवारा क्षेत्र के ग्राम समनापुर में पशुधन विकास विभाग द्वारा जिला स्तरीय सह-खंड स्तरीय पशुधन प्रदर्शनी एवं मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों और पशुपालकों को वैज्ञानिक एवं आधुनिक तरीके से पशुपालन के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में यशोदा नीलांबर वर्मा उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती में पशुपालन की महत्वपूर्ण भूमिका है। यह न केवल किसानों की आय का अतिरिक्त स्रोत है, बल्कि कृषि व्यवस्था का सशक्त आधार भी है। उन्होंने पशुपालकों से आधुनिक तकनीक अपनाकर उत्पादन बढ़ाने और योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
मेले में पशुपालन से संबंधित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई। प्रदर्शनी के माध्यम से उन्नत नस्ल, टीकाकरण, पोषण प्रबंधन और डेयरी विकास से जुड़ी जानकारियां साझा की गईं। उत्कृष्ट पशुपालन करने वाले किसानों एवं पशुपालकों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।
इस अवसर पर श्री खम्हन ताम्रकार, मन्नू मरकाम, निजाम सिंह मंडावी, गंगू मेरावी, विनोद ताम्रकार, महेंद्र यादव, परमात्मा मानिकपुरी सहित बड़ी संख्या में किसान एवं पशुपालक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं ग्रामीणजन भी शामिल हुए।
पशु चिकित्सा विभाग से डॉ. सुधीर कुमार जैन (प्रभारी पशु चिकित्सालय साल्हेवारा), डॉ. शिवांगी खरे (खैरागढ़), डॉ. आर. पी. टंडन (छुईखदान) एवं डॉ. योगेश कटारे की उपस्थिति रही। विधायक महोदया, जिला अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, जनपद अध्यक्ष, पूर्व जनपद अध्यक्ष, जनपद सदस्य एवं स्थानीय सरपंच भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
कार्यक्रम की जानकारी पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सुधीर कुमार जैन द्वारा दी गई।


