राजनांदगांव जिले के शंकरपुर क्षेत्र में अवैध हथियारों के साथ दहशत फैलाने वाले सात आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 12 फरवरी को उस समय की गई जब शंकरपुर के नागरिकों द्वारा सूचना दी गई कि चार्ली नामक व्यक्ति अपने तीन साथियों के साथ डब्बा मैदान कब्रिस्तान के पास पिस्टल और देशी कट्टा दिखाकर लोगों को डरा-धमका रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस चौकी चिखली प्रभारी के नेतृत्व में टीम गठित कर शंकरपुर में दबिश दी गई। कब्रिस्तान के पास पुलिस को देखकर चार संदिग्ध भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम शिवम सिन्हा उर्फ चार्ली निवासी शंकरपुर, दिगम्बर साहू उर्फ छोटू निवासी पेण्ड्री, सेवक कश्यप उर्फ डाला निवासी शंकरपुर एवं गुंजेश वर्मा उर्फ शिवा निवासी शंकरपुर बताए।
गवाहों की उपस्थिति में की गई तलाशी के दौरान शिवम सिन्हा उर्फ चार्ली के कब्जे से एक पिस्टल व जिंदा कारतूस तथा दिगम्बर साहू के कब्जे से एक देशी कट्टा बरामद किया गया। चारों आरोपियों के विरुद्ध संगठित रूप से हथियार दिखाकर दहशत फैलाने के आरोप में धारा 111 बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि शिवम उर्फ चार्ली ने अपने साथी विक्की देशमुख निवासी चन्द्रखुरी, दुर्ग के साथ मध्यप्रदेश के धार–बड़वानी क्षेत्र से 2 पिस्टल व 2 देशी कट्टा खरीदकर लाया था, जिनका उपयोग रौब जमाने और बिक्री के लिए किया जाना था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर साइबर सेल के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए दुर्ग से विक्की देशमुख उर्फ मोनू के कब्जे से एक देशी कट्टा जप्त किया गया।
इसके बाद मोहारा पुल के पास घेराबंदी कर उमेश साहू एवं जतीनदास मानिकपुरी को पकड़ा गया, जिनकी तलाशी में एक पिस्टल बरामद हुई। प्रकरण में कुल 2 पिस्टल, 2 देशी कट्टा एवं 1 जिंदा कारतूस जप्त कर सातों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में चौकी चिखली स्टाफ एवं साइबर सेल की सराहनीय भूमिका रही।
Meta Title:
Meta Description:
URL Slug:


