मुखबिर की सूचना पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 आरोपी नशीली टेबलेट के साथ गिरफ्तार
राजनांदगांव। नशीली दवाओं की अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए राजनांदगांव पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 04 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि दुर्ग का रहने वाला एक व्यक्ति महाकाल टी स्टॉल, बायपास रोड राजनांदगांव के पास नशीली टेबलेट की बिक्री कर रहा है।
सूचना के आधार पर थाना स्टाफ ने रात्रि लगभग 10:30 बजे मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। महाकाल टी स्टॉल बायपास रोड के आगे स्थित एक बंद गुमटी में कुछ युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए, जिन्हें घेरकर पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम सौरभ ध्रुव (22 वर्ष, दुर्ग), तरण सिंह (24 वर्ष), रितेश यादव (19 वर्ष), प्रमोद बघेल (21 वर्ष), रोहण गायकवाड़ (22 वर्ष), प्रियांशु चौहान (22 वर्ष) एवं तारेश सिन्हा (19 वर्ष) निवासी विभिन्न क्षेत्र राजनांदगांव बताए।
पुलिस द्वारा सभी आरोपियों की विधिवत तलाशी लेने पर उनके कब्जे से कुल 450 नग अल्फ्राजोलम नशीली टेबलेट (वजन 48.06 ग्राम), जिसकी अनुमानित कीमत 1350 रुपये बताई गई, तथा नगद 840 रुपये बरामद किए गए। बरामद सामग्री की कुल कीमत लगभग 2190 रुपये आंकी गई है। नशीली टेबलेट रखने एवं बेचने के संबंध में आरोपियों से वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
औषधि निरीक्षक प्रवीण चौबे से नशीली टेबलेट का सत्यापन कराया गया, जिसमें बरामद दवा अल्फ्राजोलम होना प्रमाणित हुआ। आरोपियों का कृत्य एनडीपीएस एक्ट के तहत दंडनीय पाए जाने पर थाना में अपराध क्रमांक 93/26, धारा 21 (बी) नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसिस एक्ट 1985 के तहत मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों को दिनांक 05 फरवरी 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशीली दवाओं, मादक पदार्थ गांजा एवं अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


