खैरागढ़। थाना गातापार पुलिस ने चोरी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से नगदी, दस्तावेज एवं घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 14 मई 2026 को ग्राम मुढीपार में अज्ञात आरोपी द्वारा प्रार्थी मोरध्वज वर्मा पिता चतुरराम वर्मा उम्र 40 वर्ष निवासी ग्राम करेला, पुलिस चौकी मोहारा थाना डोंगरगढ़ जिला राजनांदगांव के टीव्हीएस लूना वाहन क्रमांक CG 04 LW 0995 की डिक्की से चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था।
प्रार्थी ने बताया कि उसने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मुढीपार से 50 हजार रुपये नगद निकाले थे, जिन्हें दो नग जमीन का पर्चा, एक पासबुक एवं दो किसान क्रेडिट कार्ड के साथ शासकीय शराब दुकान मुढीपार के सामने वाहन की डिक्की में रखा था। इसी दौरान अज्ञात आरोपी द्वारा डिक्की से सामान चोरी कर लिया गया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना गातापार में अपराध क्रमांक 33/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेही हितेष निषाद पिता जीवराखन निषाद उम्र 25 वर्ष निवासी मुढीपार थाना गातापार जिला केसीजी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना स्वीकार कर ली। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर उसके कब्जे से 48,500 रुपये नगद, जमीन के दस्तावेज, पासबुक, किसान क्रेडिट कार्ड, घटना में प्रयुक्त मोटर सायकल क्रमांक CG 04 KS 3720 एवं एक रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी को 19 मई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


