खैरागढ़।गंडई थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 किलोग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजा की कीमत लगभग ₹20,000 आंकी गई है, जबकि मोटरसाइकिल सहित कुल जुमला ₹30,000 की जप्ती की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 18 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कुम्हारपारा वार्ड क्रमांक 10 निवासी मंगल तिवारी अपने वाहन की डिक्की में गांजा छिपाकर बिक्री की फिराक में है।
सूचना पर थाना स्टाफ ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर टावर के पास घेराबंदी की। इस दौरान मोटरसाइकिल (टीवीएस एक्सएल 100) पर बैठे एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया, जिसने पूछताछ में अपना नाम मंगल तिवारी (उम्र 36 वर्ष) बताया।
तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 08 BE 3339 की डिक्की से लाल-पीले कपड़े के थैले में रखा भूरा पदार्थ बरामद हुआ, जो शैलो टेप से लिपटा हुआ था। मौके पर गवाहों की उपस्थिति में जांच करने पर उक्त पदार्थ गांजा पाया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 किलोग्राम गांजा (₹20,000) और एक मोटरसाइकिल (₹10,000) जब्त कर कुल ₹30,000 का माल बरामद किया। आरोपी के पास मादक पदार्थ रखने या बेचने का कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला।
इस मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।


