छुईखदान विकासखंड के अंतर्गत आने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गातापार ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। केंद्र को भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) प्रमाणन से सम्मानित किया गया है। यह प्रमाणन सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर, सुरक्षित और प्रभावी सेवाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दिया जाता है।
राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक एक ऐसी प्रणाली है, जिसके तहत अस्पतालों में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं, स्वच्छता, उपचार की गुणवत्ता और प्रबंधन व्यवस्था का व्यापक मूल्यांकन किया जाता है। इस प्रक्रिया के आधार पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) को प्रमाणित किया जाता है।
पीएचसी गातापार के लिए यह उपलब्धि कई मायनों में खास है। यह केंद्र जिले का दूसरा स्वास्थ्य संस्थान है जिसे NQAS प्रमाणन मिला है। वहीं, विकासखंड छुईखदान का यह पहला स्वास्थ्य केंद्र है जिसने यह गौरव प्राप्त किया है। इससे पहले जिले में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मरकामटोला को यह सम्मान मिल चुका है।
केंद्र सरकार का लक्ष्य मार्च 2026 तक 50 प्रतिशत से अधिक सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को इस गुणवत्ता मानक के अंतर्गत लाना है। ऐसे में पीएचसी गातापार का चयन इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जो क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में सकारात्मक संकेत देता है।
इस उपलब्धि पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी आशीष शर्मा, खंड चिकित्सा अधिकारी मनीष बघेल सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने पीएचसी गातापार की पूरी टीम को बधाई दी है और उनके कार्यों की सराहना की है।


