खैरागढ़। राजधानी रायपुर के धरसीवा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नकटी गांव में कथित रूप से गरीब परिवारों के मकान हटाए जाने के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। खैरागढ़ विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर प्रभावित परिवारों के लिए न्याय की मांग की है।
विधायक ने 1 जुलाई 2026 को भेजे गए पत्र में उल्लेख किया है कि नकटी गांव में प्रस्तावित विधायक आवास कॉलोनी के निर्माण के लिए लगभग 85 गरीब परिवारों के मकानों को बरसात से पहले जेसीबी मशीनों के माध्यम से हटाया गया। उन्होंने इस कार्रवाई को मानवीय संवेदनाओं के विपरीत बताते हुए कहा कि वर्षों की मेहनत से बनाए गए आशियानों का इस प्रकार हटाया जाना अत्यंत पीड़ादायक है।
पत्र में विधायक ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग के अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा करना है। उनका कहना है कि यदि विधायकों के लिए नई आवासीय कॉलोनी का निर्माण आवश्यक है, तो इसके लिए नवा रायपुर क्षेत्र में उपलब्ध शासकीय भूमि का उपयोग किया जा सकता है, जिससे किसी भी गरीब परिवार को बेघर होने की स्थिति का सामना न करना पड़े।
विधायक यशोदा वर्मा ने मुख्यमंत्री से मामले में मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने और उचित निर्णय लेने का आग्रह किया है।
उन्होंने इस पत्र की प्रतिलिपि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत तथा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को भी सूचनार्थ प्रेषित की है।
फिलहाल इस मामले में राज्य सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

