खैरागढ़ घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक एवं अन्य दुरुपयोग को रोकने के लिए राजस्व, खाद्य विभाग एवं तेल कंपनियों के अधिकारियों की जिले में दो संयुक्त टीम गठित की गई है।
अनुभाग खैरागढ़ की टीम में श्री टंकेश्वर प्रसाद साहू (एसडीएम), श्री आशीष देवहारी (तहसीलदार), श्री संजय ठाकुर (सहायक खाद्य अधिकारी), श्री विनोद कुमार सागर एवं श्री मनीष ध्रुव (खाद्य निरीक्षक) तथा आईओसीएल के सेल्स ऑफिसर श्री पंकज छितेजा को शामिल किया गया है।
इसी प्रकार अनुभाग गंडई-छुईखदान की टीम में श्री अविनाश ठाकुर (एसडीएम), श्रीमती मोक्षदा देवांगन (तहसीलदार), श्री दीपक धनकर (सहायक खाद्य अधिकारी), सुश्री डालेश्वरी देवहारे (खाद्य निरीक्षक) तथा एचपीसीएल के सेल्स ऑफिसर श्री मनोज मंडल को शामिल किया गया है।
आज दिनांक 12 मार्च 2026 को उक्त टीमों द्वारा खैरागढ़ एवं बाजार अतरिया क्षेत्र के विभिन्न होटल एवं रेस्टोरेंट परिसरों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान 16 नग घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग करते पाए जाने पर द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय तथा वितरण का विनियमन) आदेश 2000 के उल्लंघन में उन्हें जब्त कर अग्रिम कार्रवाई तक मेसर्स शिव इंडियन, खैरागढ़ की सुपुर्दगी में रखा गया है।
शासन के निर्देशानुसार घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग को रोकने हेतु जिला प्रशासन द्वारा आगे भी नियमित रूप से जांच एवं कार्रवाई जारी रखी जाएगी।


