खैरागढ़। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ केसीजी पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस चौकी जालबांधा ने दो अलग-अलग मामलों में अवैध रूप से शराब का परिवहन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10.620 लीटर अवैध शराब, परिवहन में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल सहित कुल 1,00,920 रुपये का मशरूका जब्त किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 7 जुलाई 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने पहली कार्रवाई शेरगढ़ तिराहा, पोटिया में की। यहां ग्राम बाजार अतरिया निवासी मनीराम लहरे (40 वर्ष) को घेराबंदी कर पकड़ा गया। उसके कब्जे से 30 पौवा 20-20 डिलक्स व्हिस्की अंग्रेजी शराब (5.400 लीटर) तथा परिवहन में प्रयुक्त सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (CG 08 AB 4828) बरामद की गई। शराब और वाहन की कुल कीमत लगभग 53,600 रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया।
इसी दिन दूसरी कार्रवाई जालबांधा नहर के पास कच्ची सड़क पर की गई, जहां बाजार अतरिया निवासी बॉबी रजक (23 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 29 पौवा शोले देशी प्लेन शराब (5.220 लीटर) तथा परिवहन में प्रयुक्त पैशन प्रो मोटरसाइकिल (CG 08 AJ 2782) जब्त की गई। इस मामले में शराब और वाहन की कुल कीमत लगभग 47,320 रुपये है। आरोपी के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
दोनों मामलों में कुल 10.620 लीटर अवैध शराब, जिसकी कीमत 5,920 रुपये, तथा 95,000 रुपये कीमत की दो मोटरसाइकिल जब्त की गई हैं। इस तरह कुल 1,00,920 रुपये का मशरूका पुलिस ने बरामद किया।
केसीजी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा, अवैध शराब और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि ऐसे मामलों में आगे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।



