खैरागढ़। नगर पालिका खैरागढ़ में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन मद से करीब 1 करोड़ 31 लाख रुपये की लागत से खरीदी गई तीन स्काई लिफ्ट मशीनों को लेकर गुणवत्ता मानकों और खरीदी प्रक्रिया पर सवाल उठाए गए हैं। मामले में विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने अपर कलेक्टर सुरेंद्र ठाकुर से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने मांग की है कि जांच पूरी होने तक संबंधित मशीनों के भुगतान पर रोक लगाई जाए।
शिकायत में बताया गया है कि नगर पालिका द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन मद के तहत तीन स्काई लिफ्ट मशीनों की खरीदी की गई है। मशीनों की गुणवत्ता एवं खरीदी प्रक्रिया को लेकर शिकायत सामने आने के बाद मामले की जांच के लिए समिति गठित की गई है।
विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन का कहना है कि जब तक जांच समिति अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं करती, तब तक मशीनों का भुगतान किया जाना उचित नहीं होगा। उन्होंने अपर कलेक्टर से मांग की कि जांच पूरी होने तक मशीनों के किसी भी प्रकार के भुगतान पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश जारी किए जाएं।
उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर मशीनों की गुणवत्ता, निर्धारित मानकों और खरीदी प्रक्रिया की जांच करने तथा जांच में यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
इस दौरान शहर अध्यक्ष अरुण भारद्वाज, दीपक देवांगन, शेखर दास, रतन सिंगी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।




