छुईखदान। नगर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। छुईखदान के बघरान पाठ वार्ड क्रमांक 15 में भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाते हुए पूजा-पाठ कर सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से माहौल गूंज उठा।
वहीं, श्यामपुर के शिव मंदिर चौक में प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी दही-लूट कार्यक्रम का आयोजन बड़े ही उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में छोटे-छोटे बच्चे भगवान श्रीकृष्ण और ग्वाल-बाल के रूप में सजकर पहुंचे और दही-लूट का जमकर आनंद उठाया।
दही से भरी मटकी को फोड़ने और दही लूटने के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों की टोली ने कृष्ण-लीला की झलक प्रस्तुत करते हुए पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया। स्थानीय लोगों ने भी कार्यक्रम का आनंद लिया और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
आयोजकों ने बताया कि ऐसे आयोजन हमारी धार्मिक आस्था के साथ-साथ लोक परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम हैं। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं एवं बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।




