खैरागढ़। ग्राम उदयपुर में लंबे समय से जर्जर पड़ी सड़क की मरम्मत नहीं होने से ग्रामीणों और युवा कांग्रेस में नाराजगी बढ़ती जा रही है। सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर पीडब्ल्यूडी एवं पीएमजीएसवाई विभाग को आवेदन देकर मरम्मत की मांग किए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर युवा कांग्रेस ने अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया।
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष गुलशन तिवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जर्जर सड़क पर धान की रोपाई कर प्रशासन का ध्यान सड़क की बदहाली की ओर आकर्षित किया। बारिश के बाद सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर गया है, जिसके कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष गुलशन तिवारी ने कहा कि सड़क की समस्या को लेकर संबंधित विभाग को कई बार अवगत कराया गया है और आवेदन भी दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए सड़क पर धान रोपाई कर प्रशासन तक अपनी बात पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया गया तो युवा कांग्रेस द्वारा चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से तत्काल सड़क का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की।
ये रहे मौजूद
विरोध प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष कन्हैया कुर्रे, हेमराय जंघेल, माधो पटेल, रोशन धुर्वे, बलराम साहू, लोमश बघेल, परसोत्तम जंघेल, राजेंद्र निषाद, सुमिरन वर्मा, मोहित पटेल, भागीरथी साहू, तामेश्वर जंघेल, नंदकुमार जंघेल, अजय जंघेल, मन्नू लोधी और दीना जंघेल सहित युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।



