खैरागढ़। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह का जन्मदिन इस वर्ष सामाजिक सरोकारों और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रमों के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया। केसीजी जिले के अलावा राजनांदगांव, डोंगरगढ़, दुर्ग, भिलाई तथा आसपास के अनेक क्षेत्रों से समर्थक, शुभचिंतक और कार्यकर्ता उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देने पहुंचे। सुबह से देर शाम तक उनके निवास पर लोगों की आवाजाही बनी रही, जिससे पूरे दिन उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
जन्मदिन के अवसर पर कई स्थानों पर समाजोपयोगी कार्यक्रम आयोजित किए गए। छुईखदान में भाजयुमो जिलाध्यक्ष आयश सिंह के नेतृत्व में रक्तदान शिविर लगाया गया, जिसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए करीब 80 यूनिट रक्तदान किया। आयोजन को मानव सेवा की दिशा में एक सकारात्मक पहल के रूप में सराहा गया।
इसके साथ ही खैरागढ़ क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से पौधारोपण अभियान भी चलाया गया। जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने इसमें सहभागिता निभाते हुए बड़ी संख्या में पौधे लगाए तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
शुभकामनाएं स्वीकार करते हुए विक्रांत सिंह ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास और स्नेह उन्हें निरंतर जनहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने केसीजी जिले के समग्र विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
शाम के समय समर्थकों ने आतिशबाजी, ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक उत्सव के साथ जन्मदिन का जश्न मनाया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा और बड़ी संख्या में लोगों ने कार्यक्रम में भागीदारी की।
इस अवसर पर प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. बिशेसर साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित रहे।



