Khairagarh,उदयपुर। संघर्षों को हराकर सफलता हासिल करने वाले ग्राम उदयपुर के युवा देवेंद्र देवांगन ‘ली’ छत्तीसगढ़ पुलिस का प्रशिक्षण पूरा कर गांव लौटे तो ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और फूलमालाओं के साथ उनका भव्य स्वागत किया।
देवेंद्र का सफर आसान नहीं रहा। महज 11 साल की उम्र में पिता का साया उठ गया। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी। खेती-किसानी और बकरी पालन में हाथ बंटाने के साथ उन्होंने अपने सपने को जिंदा रखा। सुबह की दौड़ और लगातार मेहनत को अपनी दिनचर्या बनाया।
बचपन से क्रिकेट के शौकीन देवेंद्र बाबा इलेवन क्रिकेट टीम उदयपुर से जुड़े रहे। शानदार गेंदबाजी के कारण उन्हें ‘ली’ नाम मिला, जिससे आज युवा उन्हें पहचानते हैं।
उनकी मेहनत का परिणाम रहा कि पुलिस भर्ती में मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, दोनों जिलों में उनका चयन हुआ। उन्होंने खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में सेवा देने का निर्णय लिया।
इस खुशी के अवसर पर बाबा इलेवन क्रिकेट टीम के साथियों और ग्रामवासियों ने उनका भव्य स्वागत किया।
जिसने बचपन में संघर्ष देखा, आज उसी के स्वागत में पूरा गांव उमड़ पड़ा। देवेंद्र की कहानी गांव के हर उस युवा के लिए प्रेरणा है, जो मुश्किलों के बावजूद बड़े सपने देखता है।


