राजनांदगांव। सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती और संपर्क के गंभीर परिणामों का एक मामला सामने आया है। राजनांदगांव जिले के तुमड़ीबोड़ पुलिस चौकी क्षेत्र में इंस्टाग्राम के माध्यम से नाबालिग बालिका से संपर्क स्थापित कर उसका शारीरिक शोषण करने और अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने के आरोप में पुलिस ने 31 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर करीब तीन साल तक नाबालिग का शारीरिक शोषण करने का आरोप है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर 2026 को पीड़िता की मां ने पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि ग्राम दीवानभेड़ी निवासी किशोर साहू (31 वर्ष) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से नाबालिग बालिका से परिचय बढ़ाया और उसे मिलने के लिए बुलाया। आरोप है कि इस दौरान उसने बालिका के साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए तथा अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए।
इसके बाद आरोपी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर बालिका को लगातार ब्लैकमेल करता रहा और करीब तीन साल तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा। परेशान होकर पीड़िता ने आखिरकार पूरी घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक आदित्य कुमार के दिशा-निर्देश में तुमड़ीबोड़ पुलिस ने आरोपी की पतासाजी शुरू की। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी किशोर साहू को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक धनीराम नारंगे, प्रधान आरक्षक लोकनाथ वर्मा, आरक्षक चंद्रशेखर यादव, थलेश देशमुख, डिगम्बर सिदार एवं पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ के स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस ने महिला एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों पर त्वरित और सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।


