राजनांदगांव। नशा मुक्त अभियान के तहत राजनांदगांव पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र की दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 8.224 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 4 लाख 500 रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर 2026 की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध महिलाएं रायपुर की ओर से बस में गांजा लेकर चिचोला बस स्टैंड पहुंची हैं और उसे बेचने के लिए ग्राहक तलाश रही हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं एसडीओपी डोंगरगढ़ केसरी नंदन नायक के मार्गदर्शन में चौकी चिचोला पुलिस की टीम ने बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर नाकाबंदी की।
इस दौरान मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर दो महिलाओं को पकड़कर पूछताछ की गई। उनकी पहचान आशा सुनील काडे (28 वर्ष), निवासी बोरगांव, जिला बीड और गौरी भगवान काले (45 वर्ष), निवासी शिरडी, जिला अहमदनगर, महाराष्ट्र के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान दोनों महिलाओं के पास मौजूद दो पिट्ठू बैग से खाकी रंग के टेप में लिपटे प्लास्टिक पैकेट बरामद किए गए। जांच में इन पैकेटों में गांजा होना पाया गया। पुलिस ने आशा सुनील काडे के कब्जे से 4.110 किलोग्राम तथा गौरी भगवान काले के कब्जे से 4.114 किलोग्राम गांजा जब्त किया। इस तरह कुल 8.224 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आदेशानुसार जेल भेज दिया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी निरीक्षक मुकेश्वर ध्रुव के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक सुनील वर्मा, प्रधान आरक्षक हरण लाल जगनीत, महिला आरक्षक कुसुम एक्का, आरक्षक रमेश कतलम एवं चालक आरक्षक गजेन्द्र भारद्वाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा मुक्त अभियान के तहत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ आगे भी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


