खैरागढ़। राजा फतेह सिंह खेल मैदान में सोमवार को 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य एवं रंगारंग शुभारंभ हुआ। चार दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने किया। प्रतियोगिता में रायपुर, सरगुजा, बिलासपुर, दुर्ग एवं बस्तर संभाग के करीब 330 खिलाड़ी और 50 खेल अधिकारी शामिल हो रहे हैं।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ी फुटबॉल और खो-खो में अपनी प्रतिभा, कौशल एवं टीम भावना का प्रदर्शन करेंगे। उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों का उत्साह, स्कूली विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और खेलमय माहौल आकर्षण का केंद्र रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षा एवं खेल विभाग के अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
गोल मारकर फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ
उद्घाटन के दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने गोल पोस्ट में गोल कर फुटबॉल प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत की। राष्ट्रीय स्तर की फुटबॉल खिलाड़ी एवं वेसलियन स्कूल खैरागढ़ की छात्रा वर्णिका सिंह ने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन, निष्पक्षता और नियमों के पालन की शपथ दिलाई। विद्यार्थियों ने स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन ने प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया।
खेल से विकसित होता है अनुशासन और आत्मविश्वास
विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करता है। उन्होंने खिलाड़ियों से जीत-हार से ऊपर उठकर खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार और उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पूरी मेहनत, आत्मविश्वास और टीम भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शुभकामनाएं दीं।
जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए बेहतर वातावरण, मार्गदर्शन और पर्याप्त अवसर जरूरी हैं। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी क्षमता पहचानने और उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने का अवसर देती हैं।
चार दिनों तक चलने वाली प्रतियोगिता में पांच संभागों के खिलाड़ी फुटबॉल और खो-खो की विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे। आयोजन से जिले में खेल गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलने के साथ प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में शिक्षा एवं खेल विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक, पीटीआई, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसी, खिलाड़ी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



