रायपुर/खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले के छोटे से गांव केशला से निकलकर समाजसेवा के क्षेत्र में पहचान बनाने वाले खुलेश वर्मा को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (बिलासपुर जोन) की क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (ZRUCC) का सदस्य मनोनीत किया गया है। रेलवे बोर्ड एवं दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के आधिकारिक आदेश के अनुसार उनका मनोनयन उपभोक्ता संरक्षण संगठन की श्रेणी में किया गया है। उनका कार्यकाल 1 नवंबर 2026 से 31 अक्टूबर 2028 तक रहेगा।
अखिल भारतीय उपभोक्ता उत्थान संगठन के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष खुलेश वर्मा अब समिति के माध्यम से छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के 644 रेलवे स्टेशनों से जुड़े यात्री हितों और सुविधाओं के मुद्दे उठाएंगे।
गांव केशला में सामान्य कृषक परिवार में जन्मे वर्मा पिछले छह वर्षों से संगठन के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, मिलावटखोरी, कालाबाजारी, अनुचित व्यापार और उपभोक्ता शोषण के खिलाफ सक्रियता से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों में संगठन का विस्तार कर नई टीम तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
अपने मनोनयन पर उन्होंने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिशंकर शुक्ला, प्रदेश प्रभारी बी.के. पाण्डेय, राष्ट्रीय महासचिव चितरंजन कुमार पर्वत, शैलेश चौधरी सहित संगठन के पदाधिकारियों और सहयोगियों के प्रति आभार जताया।
वर्मा ने कहा कि रेलवे यात्रियों की समस्याओं को उचित मंच पर उठाना उनकी प्राथमिकता होगी। स्टेशनों पर स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, सुरक्षा, दिव्यांगजनों की सुविधाओं और बेहतर यात्री सेवाओं के लिए वे प्रयास करेंगे।
उनके मनोनयन पर संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी है।


