राजनांदगांव। पुलिस अभिरक्षा से दो आरोपियों के फरार होने के मामले में पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित आरक्षकों में नितेश ध्रुव, किशन देवांगन और दुर्गेश साहू शामिल हैं। तीनों को रक्षित केंद्र राजनांदगांव संबद्ध किया गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, थाना कोतवाली में दर्ज अपराध क्रमांक 732/2026, धारा 309(6), 3(5) बीएनएस तथा अपराध क्रमांक 733/2026, धारा 309(4), 3(5) बीएनएस के मामले में संदेही विशाल बांसफोड़ और राजेश साहू को 25 नवंबर 2026 को पूछताछ के लिए थाने लाया गया था। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपराध में संलिप्तता स्वीकार करते हुए लूटे गए मोबाइल और नकदी को अपने घर में रखना बताया था।
https://www.instagram.com/reel/DgM6XGKsXa9/?lqvp=dzFoOXhrMzl3bTVj
रात्रि होने के कारण दोनों को हथकड़ी लगाकर थाने में रखा गया था। उनकी सुरक्षा के लिए आरक्षक नितेश ध्रुव और किशन देवांगन की ड्यूटी लगाई गई थी, जबकि रात्रिकालीन थाना हाजिरी ड्यूटी आरक्षक दुर्गेश साहू को सौंपी गई थी।
आदेश के मुताबिक, 26 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे दोनों आरोपी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात तीनों आरक्षकों की कर्तव्य के प्रति लापरवाही और उदासीनता सामने आने पर पुलिस अधीक्षक ने निलंबन की कार्रवाई की।
जारी आदेश में कहा गया है कि पुलिसकर्मियों की लापरवाही के कारण आरोपियों को अभिरक्षा से फरार होने का अवसर मिला, जिससे विभाग की छवि प्रभावित हुई है। इसी आधार पर तीनों आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र राजनांदगांव संबद्ध किया गया है।
निलंबन अवधि के दौरान तीनों आरक्षकों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। साथ ही उन्हें बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने और प्रतिदिन तीनों गणना में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।

