खैरागढ़। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के लिए गौरव की बात है कि विकासखंड छुईखदान के ग्राम भोरमपुर निवासी डॉ. कमलेश जंघेल के सुपुत्र नीरज कुमार जंघेल एवं ग्राम सीताडबरी निवासी संतोष जंघेल की सुपुत्री कु. जागृति जंघेल का चयन एमबीबीएस पाठ्यक्रम में हुआ है। दोनों विद्यार्थियों की इस सफलता से उनके परिवार सहित क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

दोनों छात्रों की सफलता पर पूर्व विधायक कोमल जंघेल ने उनके परिवारों से भेंट की। उन्होंने नीरज कुमार जंघेल एवं कु. जागृति जंघेल को मिठाई खिलाकर एमबीबीएस में चयन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही उनके माता-पिता से मुलाकात कर इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर की।
कोमल जंघेल ने कहा कि ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों का कठिन परिश्रम और लगन के साथ चिकित्सा जैसे प्रतिष्ठित क्षेत्र में प्रवेश पाना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने दोनों विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे आगे भी मेहनत और लगन से अपने क्षेत्र एवं परिवार का नाम रोशन करें।
दोनों परिवारों ने इस अवसर पर खुशी जाहिर करते हुए सभी शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों के एमबीबीएस में चयन से क्षेत्र के अन्य छात्र-छात्राओं को भी मेहनत कर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है।



