राजनांदगांव। जिले में अवैध सट्टा गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बसंतपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मोबाइल के माध्यम से सट्टा संचालित करते एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से लगभग 3 लाख 80 हजार रुपये मूल्य का सामान जब्त किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में जिलेभर में अवैध गतिविधियों पर लगातार सख्ती बरती जा रही है। इसी क्रम में 9 अप्रैल 2026 को थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर गौरव पथ चौपाटी के पास दबिश दी।
मौके पर पुलिस ने आरोपी दीपक क्षत्रिय (29 वर्ष), निवासी पुरैना, को मोबाइल के जरिए सट्टा लिखते हुए पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक सैमसंग मोबाइल, एक आईफोन, 9 एटीएम कार्ड, एक रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल तथा 9,800 रुपये नगद बरामद किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 3.80 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 161/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 और 7 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध सट्टा, शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।


