खैरागढ़।कोटवारों के वैध वारिसानों की नियुक्ति को लेकर कोटवार एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ की जिला इकाई केसीजी ने आज नायब तहसीलदार भूपेंद्र कुमार नेताम को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र नियुक्ति की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि खैरागढ़ तहसील अंतर्गत उप शाखा जालबांधा क्षेत्र में कोटवार नियुक्ति से जुड़े कई मामले लंबे समय से लंबित हैं, जिससे जिला कोटवार संघ में गहरा रोष व्याप्त है। संघ का कहना है कि इन मामलों के अधर में लटके रहने से न केवल प्रभावित परिवारों को परेशानी हो रही है, बल्कि प्रशासनिक कार्यों में भी बाधा उत्पन्न हो रही है।
वीडियो देखे
संघ ने विशेष रूप से राष्ट्रीय कार्यक्रम एसईआर के तहत ग्राम दल्ली खोली में कोटवार नियुक्ति के मामले का उल्लेख किया, जो पिछले चार माह से आदेश के अभाव में लंबित है। कोटवार संघ का आरोप है कि एसईआर कार्यक्रम का हवाला देकर नियुक्ति प्रक्रिया को रोका गया है, जबकि इसे तत्काल पूर्ण किया जाना चाहिए।
ज्ञापन के माध्यम से संघ ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही कोटवारों के वैध वारिसानों की नियुक्ति नहीं की गई, तो जिला केसीजी ही नहीं बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का कोटवार संगठन शासन-प्रशासन के खिलाफ अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष बिरेश कुमार मेश्राम, उपाध्यक्ष भगत राम गन्धर्व,जयराम बोरकर, सचिव कमलेश कुमार जंघेल, जिला संगठन मंत्री अंजोर सिंह सहित बड़ी संख्या में कोटवार उपस्थित रहे और उन्होंने एक स्वर में लंबित नियुक्तियों को शीघ्र पूर्ण करने की मांग की।

