खैरागढ़। जिला केसीजी पुलिस द्वारा क्षेत्र में पशु तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना गातापार पुलिस एवं जिला पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मवेशियों को क्रूरतापूर्वक ले जाते हुए गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 25 मई 2026 को थाना गातापार क्षेत्र अंतर्गत चंगुर्दा घाटी, ग्राम चंगुर्दा में कार्रवाई के दौरान दो व्यक्तियों को चार मवेशियों को पैदल ले जाते हुए पकड़ा गया। जांच के दौरान आरोपियों द्वारा मवेशियों को मारते-पीटते हुए ले जाना पाया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में मध्यप्रदेश के बालाघाट निवासी 48 वर्षीय व्यक्ति तथा महाराष्ट्र के गोंदिया निवासी 35 वर्षीय युवक शामिल हैं। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 एवं पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 04 बैल, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 लाख 4 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर उप जेल सलोनी भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना गातापार पुलिस एवं जिला केसीजी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

