भिलाई: दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद सुपेला स्थित शासकीय लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा रॉयल खालसा ढाबा के सामने उरला दूध फैक्ट्री जाने वाले मार्ग पर हुआ। बताया जा रहा है कि स्कूटी पर सवार चार लोगों को एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो महिलाओं और लगभग छह वर्षीय एक बच्चे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कुम्हारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
नोट: यह खबर प्रारंभिक जानकारी के आधार पर तैयार की गई है। पुलिस जांच और आधिकारिक पुष्टि के बाद तथ्यों में बदलाव संभव है।

