राजनांदगांव। शहर के ग्रामीण क्षेत्र स्थित वार्ड क्रमांक 50 मोहड़ में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 14 गायों की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने इस हादसे के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम आए तेज आंधी-तूफान के बाद क्षेत्र के कुछ पुराने विद्युत पोल गिर गए थे। गुरुवार सुबह जब बड़ी संख्या में गायें चरने के लिए खेतों की ओर गईं, तब जमीन पर गिरे विद्युत तारों और पोलों में करंट प्रवाहित हो रहा था। इसी दौरान 14 गायें इसकी चपेट में आ गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगे कई बिजली पोल काफी पुराने और जर्जर हो चुके हैं। इनकी स्थिति को लेकर पूर्व में भी विभाग को शिकायत की जा चुकी थी, लेकिन समय रहते सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि समय पर पोल बदले जाते तो इस तरह की घटना टाली जा सकती थी।
घटना के बाद मृत पशुओं का पोस्टमार्टम कर अंतिम प्रक्रिया पूरी की गई। वहीं बड़ी संख्या में ग्रामीण बिजली विभाग पहुंचे और विरोध प्रदर्शन करते हुए मृत पशुपालकों को उचित मुआवजा देने तथा जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी घटना पर दुख जताते हुए इसे गंभीर लापरवाही का मामला बताया है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराने, प्रभावित पशुपालकों को शीघ्र आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा क्षेत्र के सभी जर्जर विद्युत पोलों को तत्काल बदलने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए बिजली व्यवस्था की नियमित निगरानी और आवश्यक सुधार कार्य जल्द किए जाने चाहिए।
DNnews | खबर वही, जो लगे सही


