खैरागढ़। प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी दशहरा के पावन अवसर पर दुर्गा उत्सव समिति एवं समस्त ग्रामवासियों के तत्वावधान में 21 अक्टूबर, बुधवार को बाजार अतरिया में भव्य दशहरा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह है।
बाजार अतरिया का दशहरा उत्सव क्षेत्र में अपनी भव्यता और आकर्षक आतिशबाजी के लिए विशेष पहचान रखता है। दशहरा महोत्सव में आसपास के गांवों सहित दूर-दराज से बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं। वहीं दूर-दराज से आने वाले व्यापारी भी व्यापार करने के लिए एक दिन पहले ही बाजार अतरिया पहुंच जाते हैं, जिससे क्षेत्र में उत्सव के साथ-साथ बाजार में भी रौनक बढ़ जाती है।
आयोजन के तहत रात 8 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा के साथ आकर्षक आतिशबाजी होगी और इसके पश्चात रावण दहन किया जाएगा। रावण दहन के बाद लोगों के मनोरंजन के लिए छत्तीसगढ़ी लोक कला मंच ‘रंग धारा’, सुरगी, राजनांदगांव द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी जाएगी।
दशहरा उत्सव को लेकर आयोजन समिति द्वारा तैयारियां पूरी की जा रही हैं। समिति के सदस्यों ने क्षेत्रवासियों सहित आसपास के ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भव्य दशहरा उत्सव में शामिल होने और कार्यक्रम का आनंद लेने की अपील की है।



