उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम पर छात्र-छात्राओं का सम्मान, शिक्षा और संस्कार पर दिया गया जोर
खैरागढ़। विकासखंड खैरागढ़ अंतर्गत नेशनल स्कूल ऑफ एजुकेशन, भूलाटोला में रविवार 10 मई 2026 को वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित कर मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, साहित्य और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में खैरागढ़ कॉलेज के सेवानिवृत्त ग्रंथपाल लाल जे. के. वैष्णव, डॉ. पीसीलाल यादव, डॉ. सियाराम साहू, डॉ. उमेद चंदेल, स्कूल डायरेक्टर मनोहर सोनवानी तथा नोडल अधिकारी हीरान्तक द्विवेदी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम लाने वाले छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों का सम्मान किया गया।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त ग्रंथपाल लाल जे. के. वैष्णव ने मातृ दिवस की शुभकामनाएं देते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विद्यालयी शिक्षा जीवन की मजबूत नींव तैयार करती है। वर्तमान मोबाइल युग में बच्चों के लिए पढ़ाई के साथ शारीरिक श्रम और व्यायाम को भी जरूरी बताया।
शिक्षाविद डॉ. उमेद चंदेल ने कविता के माध्यम से शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया, वहीं डॉ. पीसीलाल यादव ने छत्तीसगढ़ी भाषा और साहित्य पर अपने विचार रखते हुए अपनी रचनाओं से भी अवगत कराया। नोडल अधिकारी हीरान्तक द्विवेदी ने विद्यालय के शिक्षा स्तर और अनुशासन की सराहना की।
स्कूल डायरेक्टर मनोहर सोनवानी ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। उन्होंने बताया कि विद्यालय को दसवीं कक्षा तक मान्यता एवं संबद्धता प्राप्त है। इस दौरान आठवीं कक्षा की छात्रा ख्वाहिश सोनके द्वारा मेरिट में छठवां स्थान प्राप्त करने, हरीश वर्मा के पांचवीं कक्षा में द्वितीय स्थान हासिल करने तथा कुशाग्र वर्मा के नवोदय विद्यालय डोंगरगढ़ में चयन पर विशेष बधाई दी गई।
कार्यक्रम का संचालन प्राचार्या नीलम भारती ने किया। अतिथियों को मोमेंटो एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया, जबकि आभार प्रदर्शन स्कूल डायरेक्टर मनोहर सोनवानी ने किया।
द्वितीय सत्र में जिला पंचायत सदस्य दिनेश वर्मा, नुशरत बानो, मनीष वर्मा, रामाधार वर्मा, लक्ष्मी शंकर चंदेल, मानिकदास मानिकपुरी एवं डॉ. आरपी टंडन सहित अन्य अतिथियों का सम्मान किया गया।
पुरस्कार वितरण समारोह के बाद छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम के अंत में अभिभावकों, अतिथियों और विद्यार्थियों के लिए स्वल्पाहार एवं भोजन की व्यवस्था की गई।


