डोंगरगढ़। अवैध शराब बिक्री के खिलाफ डोंगरगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 13 सितंबर को ग्राम मुरमुदा के एक खंडहर मकान से जब्त की गई 614 पाव अवैध शराब के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद शराब की कुल मात्रा 110.52 लीटर, जिसकी कीमत करीब 66,630 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मुरमुदा निवासी खेमलाल कदम उर्फ गुड्डू (40 वर्ष) अपने घर के पास स्थित पुराने खंडहर मकान में अवैध शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मकान की घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया।
इसके बाद गवाहों की मौजूदगी में खंडहर मकान की तलाशी ली गई, जहां प्लास्टिक की बोरियों में अलग-अलग ब्रांड की कुल 614 पाव शराब बरामद हुई। मामले में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 542/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जब्त शराब में 385 पाव गोवा स्पेशल अंग्रेजी शराब, 154 पाव शोले देशी प्लेन, 30 पाव सुपर 36 देशी प्लेन, 13 पाव शेरा देशी प्लेन, 13 पाव मैकडॉवेल नंबर-1, 15 पाव सिंडिकेट अंग्रेजी शराब और 4 पाव देशी मसाला शराब शामिल है।
फरार आरोपी की तलाश के लिए थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुमन जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार तलाश की जा रही थी। पुलिस ने 21 सितंबर 2026 को आरोपी खेमलाल कदम उर्फ गुड्डू को ग्राम मुरमुदा से हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
DNnews | खबर वही, जो लगे सही


