खैरागढ़–गंडई। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ केसीजी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना गंडई पुलिस ने अवैध शराब परिवहन करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 16 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक छोटा हाथी वाहन (क्रमांक CG 08 AU 4010) में अवैध रूप से शराब का परिवहन करते हुए पैलीमेटा से नर्मदा की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना स्टाफ ने शासकीय वाहन के साथ ग्राम मानपुर नाका के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन की आगे की सीट के नीचे रखे लाल रंग के थैले से कुल 28 पौवा देशी प्लेन शराब (प्रत्येक 180 एमएल) बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 5.04 बल्क लीटर एवं अनुमानित कीमत ₹2520/- है। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त चार पहिया वाहन भी जप्त किया गया, जिसकी कीमत लगभग ₹1,00,000/- आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी अशोक कुमार सिन्हा (45 वर्ष), निवासी ग्राम नर्मदा चकनार को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


