खैरागढ़। केसीजी जिले के गोद ग्राम सोनपुरी में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत संचालित स्वच्छता अभियान का राज्य स्तरीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान राज्य सलाहकार डॉ. रुपेश राठौर एवं श्रीमती अभिलाषा आनंद ने गांव पहुंचकर स्वच्छता कार्यों की समीक्षा की और ग्रामीणों के साथ संवाद किया।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में प्रत्येक शनिवार डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण किया जाता है, जिसके लिए प्रति परिवार 20 रुपये शुल्क निर्धारित है। साथ ही ग्राम में संचालित सामुदायिक शौचालय का नियमित प्रबंधन भी किया जा रहा है। राज्य सलाहकारों ने स्वच्छता अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और ग्राम भ्रमण कर कचरा संग्रहण व्यवस्था, सामुदायिक शौचालय तथा सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत कार्यों के सुचारू संचालन के लिए स्वच्छाग्राही दीदियों को प्रोत्साहित किया गया तथा ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। ग्राम भ्रमण के दौरान वार्ड क्रमांक 06 एवं 07 में कुछ घरों से निकलने वाले ग्रे-वाटर के प्रबंधन हेतु सामुदायिक सोखपीट निर्माण के निर्देश भी दिए गए.


