खैरागढ़। जिला यादव समाज द्वारा आयोजित प्रथम जिला स्तरीय महाधिवेशन 29 मार्च 2026 को श्री राम मंदिर टिकरापारा (बर्फानी धाम) खैरागढ़ में भव्य एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव शामिल हुए।
विशिष्ट अतिथियों में विधायक रामकुमार यादव (चंद्रपुर), द्वारकाधीश यादव (खल्लारी) तथा खैरागढ़ विधायक श्रीमती यशोदा वर्मा उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश यादव समाज के अध्यक्ष रमेश यादव ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना एवं आरती से हुआ। इसके बाद जिला यादव समाज के प्रथम जिला अध्यक्ष एवं हाईकोर्ट अधिवक्ता चंद्रशेखर यादव ने सामाजिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए जिले में यादव समाज के समग्र विकास हेतु एक सुसज्जित यादव भवन के निर्माण के लिए 50 लाख रुपये तथा 23 सर्किलों के लिए प्रत्येक को 50-50 हजार रुपये की मांग रखी।
मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने समाज की मांगों को स्वीकार करते हुए यादव भवन निर्माण हेतु 50 लाख रुपये तथा 23 सर्किलों के लिए प्रत्येक को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की। इस घोषणा से समाज में उत्साह और हर्ष का माहौल बन गया।
महाधिवेशन में सांस्कृतिक कार्यक्रम विशेष आकर्षण रहे। राउत नृत्य, कृष्ण लीला झांकी और छत्तीसगढ़ी लोक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों के नृत्य कार्यक्रमों को भी खूब सराहना मिली।
कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों तथा यूथ विंग के पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।
यह आयोजन यादव समाज की एकजुटता और सामाजिक प्रगति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।


