खैरागढ़। जिला पंचायत क्षेत्र जालबांधा के ग्राम दपका और मुड़भादुर के ग्रामीणों को जल्द ही वर्षों पुरानी सड़क समस्या से राहत मिलेगी। जिला पंचायत सदस्य शताक्षी देवव्रत सिंह के लगातार प्रयासों के बाद जिला प्रशासन ने जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) मद से दोनों गांवों में सीसी रोड निर्माण के लिए कुल ₹4.50 लाख की स्वीकृति प्रदान की है।
स्वीकृति के तहत ग्राम दपका स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला से मुख्य मार्ग तक सीसी रोड निर्माण के लिए ₹3 लाख तथा ग्राम मुड़भादुर स्थित शासकीय प्राथमिक शाला से मुख्य मार्ग तक ₹1.50 लाख मंजूर किए गए हैं। लंबे समय से इन दोनों स्कूलों तक पहुंचने वाला मार्ग कच्चा होने के कारण ग्रामीणों और विद्यार्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
बरसात के मौसम में सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाती थी। गड्ढों में पानी भर जाने से पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता था। स्कूली बच्चों को साइकिल से उतरकर कीचड़ में पैदल स्कूल पहुंचना पड़ता था। वहीं ग्रामीणों को रोजमर्रा के कार्यों, आवश्यक सामान लाने-ले जाने तथा दोपहिया और चारपहिया वाहनों के आवागमन में भी लगातार दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
ग्रामीणों ने यह समस्या जिला पंचायत सदस्य शताक्षी देवव्रत सिंह के समक्ष रखी थी। इसके बाद उन्होंने जिला प्रशासन के समक्ष लगातार इस मांग को प्रमुखता से उठाया। समस्या की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने दोनों गांवों में सीसी सड़क निर्माण की स्वीकृति प्रदान की।
स्वीकृति मिलने पर जिला पंचायत सदस्य शताक्षी देवव्रत सिंह ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क बनने से ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और शिक्षकों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। वहीं, दोनों गांवों के ग्रामीणों ने स्वीकृति पर खुशी जताते हुए जिला पंचायत सदस्य एवं जिला प्रशासन का धन्यवाद किया।



