खैरागढ़,खैरागढ़ जिले में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। टोलागांव में बिजली लाइन मेंटेनेंस के दौरान हुए हादसे में ठेका कर्मचारी हेमंत साहू की मौत हो गई। मृतक पेंड्रीकला निवासी था और उसकी उम्र लगभग 45 वर्ष बताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बारिश से पहले बिजली विभाग द्वारा लाइन मेंटेनेंस और पेड़ कटाई का कार्य कराया जा रहा था। इसी दौरान हेमंत साहू पेड़ की कटिंग में लगा हुआ था। बताया जा रहा है कि काम के दौरान अचानक 11 केवी लाइन में करंट प्रवाहित हो गया, जिसकी चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार्य स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया। कर्मचारियों को बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के जोखिम भरे कार्य में लगाया गया था। वहीं यह सवाल भी उठ रहा है कि जब लाइन में काम चल रहा था, तब बिजली सप्लाई पूरी तरह बंद क्यों नहीं की गई।
लोगों का कहना है कि जिले में इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं। कभी ठेका कर्मचारी तो कभी बिजली विभाग के कर्मचारी हादसों का शिकार हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदारों पर ठोस कार्रवाई नहीं हो पाती। ठेकेदारों द्वारा भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर लापरवाही बरते जाने के आरोप लग रहे हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारण और जिम्मेदारों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


