खैरागढ़। बढ़ईटोला के पास मंगलवार सुबह सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और मृतक की शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों का सहारा लिया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, सुबह स्थानीय लोगों की नजर सड़क किनारे पड़े युवक पर पड़ी। पास जाकर देखने पर वह मृत अवस्था में मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस और 112 को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
मृत युवक के सिर पर चोट के निशान बताए जा रहे हैं। हालांकि, शरीर के अन्य हिस्सों पर प्रथमदृष्टया कोई बड़ी चोट या ज्यादा खरोंच नजर नहीं आने की जानकारी सामने आई है। घटनास्थल पर कोई दुर्घटनाग्रस्त वाहन भी नहीं मिला। वहीं युवक की चप्पल भी मौके से बरामद नहीं हुई है। इन परिस्थितियों के कारण युवक की मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय स्तर पर हादसे के अलावा अन्य संभावनाओं को लेकर भी चर्चा है। कुछ लोगों ने आशंका जताई है कि युवक की मौत किसी अन्य स्थान पर हुई हो और शव को यहां लाकर छोड़ा गया हो। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल हत्या या किसी अन्य आपराधिक घटना की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस मामले की जांच करते हुए मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मृतक की पहचान और मौत का कारण दोनों पुलिस के लिए जांच का विषय बने हुए हैं।




