**रायपुर।** छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित **अचानकमार टाइगर रिजर्व (ATR)** के प्रतिबंधित कोर जोन से सटे क्षेत्र में अवैध रूप से घुसकर हथियार लहराने और फायरिंग करने के मामले में वन विभाग ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए **तीन आरोपियों को गिरफ्तार** किया है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो का संज्ञान लेते ही की गई, जिससे वन विभाग की तत्परता और गंभीरता स्पष्ट रूप से सामने आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस विभाग के सहयोग से पकड़े गए आरोपियों की पहचान **अजीत वैष्णव (26 वर्ष), अनिकेत (27 वर्ष) और विक्रांत वैष्णव (36 वर्ष)** के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से **दो एयर राइफल और एक टाटा सफारी स्टॉर्म वाहन** जब्त किया गया है। तीनों के खिलाफ **वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972** की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें **न्यायिक रिमांड पर जेल** भेज दिया गया है।


