खैरागढ़-धमधा मार्ग पर कार-बाइक की जबरदस्त भिड़ंत, दो युवक गंभीर
खैरागढ़। बाजार अतरिया के समीप जोरातराई के पास रविवार 23 अगस्त की रात करीब साढ़े आठ बजे कार और बाइक के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार मदनपुर निवासी हुलास साहू और योगेश साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि एक की स्थिति नाजुक होने की जानकारी सामने आई है।
घटना के बाद दोनों घायलों को तत्काल धमधा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए भिलाई के नेहरू नगर स्थित पल्स हॉस्पिटल रेफर कर दिया, जहां दोनों का उपचार जारी है।
घायल हुलास साहू के बड़े भाई श्यामलाल साहू ने छुईखदान थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के मुताबिक, हुलास और योगेश मोटरसाइकिल क्रमांक CG 08 0223 से धमधा की ओर से अपने गांव मदनपुर लौट रहे थे। इसी दौरान खैरागढ़ की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही महिंद्रा XUV700 क्रमांक CG 04 QH 4039 ने कथित तौर पर लापरवाहीपूर्वक बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक करीब 50 मीटर तक घिसटती चली गई।
जानकारी के अनुसार कार चालक खैरागढ़ के सोनारपारा, इतवारी बाजार निवासी मोहम्मद तौकीर मेमन बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक के लिए वाहन को नियंत्रित करना मुश्किल हो गया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, खैरागढ़-धमधा मार्ग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के ठोस इंतजाम नहीं होने से यह मार्ग लगातार हादसों का कारण बन रहा है। अब पुलिस की जांच के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।



