रायपुर/खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ क्षेत्र से जुड़े भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता तथा नवीन शासकीय महाविद्यालय जालबांधा की जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश साहू को भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा पश्चिम बंगाल के हुगली जिले की चिंचुरा विधानसभा में संगठनात्मक कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जयप्रकाश साहू लंबे समय से पार्टी संगठन में सक्रिय हैं और वर्तमान में भाजपा जिला संगठन में जिला संयोजक के रूप में कार्यरत हैं। संगठनात्मक गतिविधियों और युवाओं को जोड़ने के कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका रही है।
नए दायित्व के तहत वे चिंचुरा विधानसभा क्षेत्र में स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का कार्य करेंगे। इसके साथ ही “एक बूथ – पाँच यूथ” अभियान के माध्यम से युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और जनसंपर्क को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इस जिम्मेदारी पर जयप्रकाश साहू ने पार्टी के केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन के मार्गदर्शन में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते हुए संगठन को मजबूत बनाने का प्रयास करेंगे।


