छत्तीसगढ़ में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। इसमें सुकमा जिले के घने जंगलों में नक्सलियों द्वारा भारी मात्रा में छिपा कर रखे गए हथियार बरामद किए हैं जिनमें स्वचालित हथियार, जिंदा कारतूस और विस्फोटक शामिल हैं।
आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर, जिला पुलिस बल, जिला रिजर्व गार्ड और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने कल किस्ताराम थाना क्षेत्र के पालाचलमा गांव के पहाड़ी और जंगल के इलाकों में पूर्ण नियंत्रण और तलाशी अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक -नक्सल अभियान, रोहित शाह के नेतृत्व में गहन तलाशी के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार बरामद किए गए।
स्रोत: आकाशवाणी समाचार


